ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
यूपीसी राइनो ने यूपीसी टाइगर्स को और यूपीसी लॉयंस ने यूपीसी जगुआर को हराकर अजय मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में जीत आगाज किया। उत्तरांचल प्रेस क्लब के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय अजय गौतम मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को दो मुकाबले खेले गए।
पुलिस लाइन स्टेडियम में पहला मैच यूपीसी टाइगर्स व राइनो के बीच खेला गया। यूपीसी टाइगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 109 रन बनाए। अंशुल डांगी ने अर्द्धशतकीय पारी खेली। चेतन गुरुंग ने 12 और अनिल डोगरा ने 18 रन बनाए। यूपीसी राइनो के लिए अंकित सिंह ने चार, राकेश व विजय जोशी ने दो-दो विकेट झटके। जवाब में यूपीसी राइनो ने 16 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। संजय नेगी ने नाबाद 31, विजय जोशी ने 22 व प्रदीप ने 25 रन की पारी खेली। टाइगर्स के अंशुल डांगी को 51 रनों की पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं, दूसरा मैच यूपीसी लॉयंस व जगुआर के मध्य खेला गया। लॉयंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 125 रन बनाए। महेश पांडे ने 16, मनोज जयाड़ा ने 29 और प्रदीप गुलेरिया ने 11 रनों का योगदान दिया। यूपीसी जगुआर के लिए ठाकुर सिंह नेगी ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपीसी जगुआर की टीम 19.3 ओवर में 102 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। विकास गुसाईं ने 44 व योगेश सेमवाल ने 10 रन की पारी खेली। यूपीसी लॉयंस के लिए सोबन गुसाईं ने चार, मनोज जयाड़ा ने तीन व अनिल चंदोला ने दो विकेट झटके। मनोज जयाड़ा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले मुख्य अतिथि डीआईजी गढ़वाल रेंज अजय रौतेला ने टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस मौके पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, महामंत्री रविंद्र बड़थ्वाल, पूर्व अध्यक्ष नवीन थलेड़ी, देवेंद्र नेगी आदि मौजूद रहे।