बड़े शहरों में ध्वनि, वायु प्रदूषण की होगी जांच
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। त्योहारों पर प्रदूषण की मानीटरिंग के लिए राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं। दशहरा और दीपावली के मद्देनजर ध्वनि व वायु प्रदूषण पर निगरानी रखने के लिए विशेषज्ञों की टीमों का गठन कर दिया गया है। टीमें बड़े शहरों में अत्याधुनिक मशीनों से प्रदूषण के स्तर की मानीटरिंग करेंगी। इसकी रिपोर्ट सरकार के साथ ही केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी भेजी जाएगी।
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव एसपी सुबुद्धि ने बताया कि दीपावली के दौरान होने वाले प्रदूषण पर निगरानी के लिए देहरादून के अलावा हरिद्वार, रुड़की, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, रुद्रपुर जैसे शहरों में विशेषज्ञों की टीम तैनात की जा रही है। जो वर्तमान ध्वनि प्रदूषण स्तर को मापने के साथ दीपावली से पूर्व, उसके दौरान और फिर दीपावली के बाद का स्तर जांचेंगे।
बोर्ड के सदस्य सचिव सुबुद्धि ने बताया कि इसके अलावा राजधानी में घंटाघर, आईएसबीटी और रायपुर में अत्याधुनिक उपकरणों से एक से 14 नवंबर तक पीएम 2.5, पीएम 10 के साथ ही सल्फर डाईआक्साइड व नाइट्रस आक्साइड के स्तर की जांच की जाएगी। इस दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि दीपावली से पहले, दीपावली के दौरान व उसके बाद प्रदूषण के स्तर में क्या बदलाव आता है और इस प्रदूषण का सेहत पर कितना असर पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि दीपावली के दौरान बड़े पैमाने पर पटाखे फोड़ने की वजह से शहरों में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच जाता है, जिसे सामान्य होने में कई दिन का समय लगता है। इस दौरान दमा के रोगियों को खासी मुसीबत हो जाती है।