ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
पिछले दो महीने से गंदे पानी की समस्या से जूझ रहे शिवाजी मार्ग, कांवली रोड और छबील बाग के लोगों का धैर्य बृहस्पतिवार को जवाब दे गया। क्षेत्रवासियों ने जल संस्थान में प्रदर्शन कर मुख्य महाप्रबंधक सुधीर कुमार शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की और समस्या से निजात के लिए ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी की यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
पूर्व विधायक राजकु मार के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने नेहरू कॉलोनी स्थित जल संस्थान मुख्यालय में एकत्र होकर मुख्य महाप्रबंधक खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शिवाजी मार्ग, कांवली रोड और छबील बाग सहित आसपास के निवासी पिछले दो महीने से गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। घरों में सीवर के गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। कई बार इसकी शिकायत अधिकारों से की गई, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि शहर में पूर्व में स्वीकृत विभिन्न योजनाओं के तहत सीवर एवं पेयजल आपूर्ति का कार्य किया जा रहा है, लेकिन अधिकांश स्थानों पर कार्य अधूरे होने के कारण आए दिन दुर्घटना हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में पानी के कनेक्शन ही नहीं दिए गए तो कहीं एक ही स्थान पर दो-दो कनेक्शन दे दिए गए हैं। इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, अशोक कोहली, सोम प्रकाश वाल्मीकि, उदयवीर मल ,जहांगीर खान, सुरेश चंद्र, प्रधान शमशेर सिंह, करनैल सिंह, विशाल सिंह, बलविंद्र सिंह, सूरज सिंह, हरजीत सिंह, पप्पू सिंह, मनदीप सिंह, रेशम सिंह, हेम सिंह, सरदार सूरत सिंह, सुरजीत सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।