ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
एक ओर लोग टिकट खरीदकर स्टेडियम के भीतर जाने को बेताब थे तो दूसरी ओर स्टेडियम से सटे ढांग गांव के लोगों ने अपने घरों की छत से ही लाइव मुकाबला देखा। टी-20 मैच देखने के लिए ग्रामीणों ने शाम को ही छतों पर पहुंच गए। पूरे मैच के दौरान आसपास के गांवों के लोग भी ढांग गांव में एकत्र हो गए। इस दौरान ड्यूटी दे रहे पुलिसकर्मियों ने भी यहीं से लाइव मैच का लुत्फ उठाया।
रविवार को रात आठ बजे बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच शुरू हुए पहले टी-20 मैच का आनंद उठाने आए स्टेडियम के आसपास से कई गांववासियों ने बिना टिकट पूरे मैच का लुफ्त लिया। रायपुर से सटे रांझावाला, तुनवाला, नत्थूवाला व बालावाला के ग्रामीण शाम छह बजे से ही ढांग गांव की ढंगार में मैच देखने के लिए जुट गए। अधिकांश आसपास की महिलाओं का हुजूम देखने लायक था। जैसे ही स्टेडियम की लाइट जली तो ग्रामीणों ने पूरे उल्लास के साथ इन ऐतिहासिक लम्हों का आनंद लिया। जिनके घर गांव की ढंगार के आसपास थे, वहां लोगों ने छत से ही पूरे मैच का आनंद उठाया। पुलिस सुरक्षा के कड़े इंतजाम के चलते गांववासियों को हालांकि ज्यादा भीड़ के रूप में एकत्र नहीं होने दिया गया, लेकिन पुलिस ने अपने हिसाब से ऐसे इंतजाम किए थे कि कोई भी इन खास लम्हों से वंचित नहीं रहा।
..................
सभी के सिंगल फोटो भी हैं
मैच देखने पर क्या बोले ग्रामीण
अभी तक हमने टी-20 मैच केवल टीवी पर देखे थे। यह पहला मौका है कि हम अपने घर की छत पर बैठकर लाइव मैच देख पा रहे हैं। इसके लिए टिकट खरीदने की भी जरूरत नहीं पड़ी। -ऋषभ, ग्रामीण
....................
बहुत अच्छा लग रहा है कि स्टेडियम में पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जा रहा है। इतनी चमकदार रोशनी में मैच को देख्रने का आनंद कुछ अलग ही है। -कांति देवी, ग्रामीण
.....................
मैच की टिकट बुक नहीं हुई वरना पूरा मैच स्टेडियम में बैठकर देखती। इसलिए मैं इस गांव में आई हूं। कम से कम लाइव मैच तो देख पा रही हूं। -माधुरी बिष्ट, दर्शक
.........................
प्रदेश में पहले अंतरराष्ट्रीय मैच का अलग ही मजा आ रहा है। इससे पहले कई टूर्नामेेंट के मैच हुए और ग्रेट खली का ग्रेट शो हुआ, लेकिन मैच के इस टी-20 मैच के आगे सब फेल है।-विशाल
...................
गांव में लगे स्टॉल
गांव में अंतरराष्ट्रीय मैच का लाइव प्रसारण देखने वालों की भीड़ जुटी तो लोगों ने यहां कारोबार शुरू कर दिया। गांव में पहली बार इस बहाने चाऊमिन, मोमो और स्प्रिंग रोल की खूब बिक्री हुई। ग्रामीणों ने छत पर ठंडे पानी और कोल्डड्रिंक के साथ मैच का लुत्फ उठाया।