ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
प्राथमिक शिक्षक संघ ने विशिष्ट बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षकों को ब्रिज कोर्स व डीएलएड प्रशिक्षण से मुक्त रखने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में सचिव विद्यालयी शिक्षा को ज्ञापन भेजा है।
प्राथमिक शिक्षक के महामंत्री दिग्विजय सिंह ने सचिव डा. भूपिंदर कौर औलख को ज्ञापन भेजकर बीएड, सीपीएड, डीपीएड, बीपीएड, मृतक आश्रित, शिक्षा मित्र, उर्दू शिक्षक के रूप में नियुक्ति पाने वाले विशिष्ट बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त प्राथमिक शिक्षकों को ब्रिज कोर्स व डीएलएड प्रशिक्षण से मुक्त रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन सभी शिक्षकों ने संबंधित जिलों के जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थानों में विशिष्ट बीटीसी के रूप में छह माह का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। राज्य के ऐसे करीब 16 हजार विशिष्ट शिक्षक हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर राज्य के शिक्षकों को भी छूट देने की मांग की है।
...............
तैनाती बहाल करने की मांग
प्राथमिक शिक्षक संघ ने सचिव विद्यालयी शिक्षा को ज्ञापन भेजकर निरस्त की गई शिक्षकों की तैनाती बहाल करने की मांग की है। संघ ने कहा कि 25 अप्रैल को आदेश जारी कर शिक्षकों को 31 मई तक मूल तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने को कहा गया है। एक साल तीन माह की तैनाती के बाद इस तरह का आदेश जारी किया जाना, कर्मचारियों का मानसिक उत्पीड़न है।