ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
दून के कार्तिक मोहन शर्मा का चयन अंतर्राष्ट्रीय वर्ल्ड मिनि कांटिनेंटल फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। चैंपियनशिप नौ से 13 मई तक रूस के मॉस्को में आयोजित होगी। कार्तिक के चयन पर सोमवार को देहरादून फुटबाल एकेडमी के खिलाड़ियों और उनके कोच ने उनको मोमेंटो और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया।
कार्तिक मोहन शर्मा के कोच और देहरादून फुटबाल एकेडमी के संस्थापक वीएस रावत ने बताया कार्तिक एक शानदार स्टॉपर है। रूस के मॉस्को शहर में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय वर्ल्ड मिनि कांटिनेंटल फुटबाल चैंपियनशिप में कार्तिक भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। कार्तिक के चयन के संबंध में मिनि फुटबाल एसोसिएशन ऑफ इंडिया से उन्हें एक पत्र मिला है। बताया कि विगत वर्ष अक्तूबर में महाराष्ट्र के औरंगाबाद में आयोजित नेशनल मिनि फुटबाल टूर्नामेंट में कार्तिक ने प्रतिभाग किया था, वहां शानदार प्रदर्शन के बाद उसका चयन मॉस्को में होने जा रहे टूर्नामेंट के लिए हुआ है। वह सात मई को मॉस्को के लिए रवाना होगा।
बताया कि कार्तिक बेहद गरीब परिवार से है। नेशविला रोड पर कार्तिक का घर है। उसके पिता विजयन शर्मा का 2017 में देहांत हो गया था। उसकी मां शालू शर्मा एक निजी कंपनी में चतुर्थ श्रेणी की कर्मचारी है। वर्ष 2015 से कार्तिक ने देहरादून फुटबाल एकेडमी में उनसे प्रशिक्षण लेना शुरू किया था। अभी तक वह तीन ऑल इंडिया टूर्नामेंट के साथ दून कप भी खेल चुका है। कार्तिक ने समरवैली स्कूल से हाईस्कूल की परीक्षा दी है।