एसीए मैदान में आज होगा डे-नाइट मुकाबला
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
वरदान कप-2018 का आगाज बृहस्पतिवार को डे-नाइट मुकाबले के साथ होगा। अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के मैदान में दून डिफेंस एकेडमी और प्रीतिका प्रिंटर्स की टीमें जीत हासिल करने के लिए भिड़ेंगी। बुधवार को एकेडमी सभागार में प्रतियोगिता की ट्रॉफी और टीमों की ड्रेस का अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य सलाहकार डा. नवीन बलूनी, विशिष्ट अतिथि सुमेरू इंफ्रास्ट्रक्चर के एमडी पारस जैन, अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के चेयरमैन आरपी ईश्वरन, सोशल एंड पॉलिगन ग्रुप के निदेशक कुलदीप पंवार, आयोजन समिति अध्यक्ष विपिन बलूनी और सलाहकार डीके मिश्रा ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी और टीमों की ड्रेस का अनावरण किया। मुख्य अतिथि डा. नवीन बलूनी ने कहा कि कहा कि सरकारी विभागों और कॉरपोरेट्स के बीच यह अपनी तरह का पहला आयोजन है। सुमेरू ग्रुप के एमडी पारस जैन ने कहा कि यह आयोजन कर्मचारियों की फिटनेस और मनोरंजन में सहायक साबित होगा।
एसीए के चेयरमैन आरपी ईश्वरन ने कहा कि हर खिलाड़ी को मैदान पर खेल भावना, मेहनत और जज्बा दिखाना चाहिए। सलाहकार डीके मिश्रा ने कहा कि अगले वर्ष इस प्रतियोगिता को और भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। आयोजक जावेद बट्ट ने बताया कि प्रतियोगिता के मुकाबले आज से अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में शुरू होंगे। इस अवसर पर संचालक आशुतोष ममगाई, आयोजन सचिव त्रिभुवन बिष्ट, समन्वयक रविंद्र रावत, रघुबीर बिष्ट, अजय नैथानी, विनोद श्रीवास्तव, संदीप गुप्ता, किशन मेहता, दिनेश सेमवाल, राजेंद्र मेहता समेत सभी टीमों के खिलाड़ी मौजूद रहे।