ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
राज्य निगम, निकाय, संस्थान, प्राधिकरण, जिला पंचायत कर्मचारी महासंघ के महा अधिवेशन में शामिल होने के लिए पदाधिकारियों को दो दिन का अवकाश मिलेगा। संगठन की मांग पर अपर सचिव आर राजेश कुमार ने अवकाश को मंजूरी दी है।
कर्मचारी महासंघ का प्रांतीय सम्मेलन और महा अधिवेशन 16 फरवरी को देहरादून में आयोजित होगा। इसमें शामिल होने के लिए महासंघ ने दो दिन का अवकाश मंजूर करने की मांग की थी। अपर सचिव राजेश कुमार ने अवकाश स्वीकृत करते हुए सभी निगमों और सार्वजनिक उपक्रमों के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा है। उन्होंने बताया कि महासंघ से संबद्धता रखने वाले मान्यता प्राप्त पंजीकृत संगठनों के सभी जिलों और मंडलों के अध्यक्ष, महासचिव समेत अन्य पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे।
लिहाजा पदाधिकारियों का दो दिन का अवकाश स्वीकृत किया जाए। प्रांतीय सम्मेलन के लिए अवकाश स्वीकृत होने पर कर्मचारी महासंघ ने प्रदेश सरकार और आर राजेश कुमार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि प्रांतीय सम्मेलन में प्रदेशभर से कर्मचारी शामिल होंगे। महासचिव रवि पचौरी ने बताया कि सम्मेलन में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।