ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
प्रेस क्लब में आयोजित प्रथम स्व. मनोज कंडवाल स्मृति शूटिंग चैंपियनशिप में मुकेश राजपूत और मंगेश कुमार अपने-अपने वर्गों में विजेता रहे। विजेताओं को प्रेस क्लब की ओर से ट्रॉफी और यति स्पोर्ट्स की ओर से नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
रविवार को प्रेस क्लब सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में 50 से अधिक पत्रकारों ने हिस्सा लिया। 10 मीटर पिस्टल में मुकेश राजपूत ने 39 अंक के साथ पहला, अरुण सिंह ने 31 अंक के साथ दूसरा और अनिल चन्दोला ने 27 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, 10 मीटर एयर रायफल में 47 अंक के साथ मंगेश कुमार पहले, 46 अंक के साथ मुकेश राजपूत व विनय संतोष कुमार संयुक्त रूप से दूसरे और 45 अंकों के साथ सुलोचना पयाल तीसरे स्थान पर रही। दून इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग एंड स्पोर्ट्स के निदेशक मयंक मारवाह और राकेश रावत ने निशानेबाजी में सहयोग किया।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि अखिल भारतीय वॉलीबाल फेडरेशन के अध्यक्ष अवधेश चौधरी और स्व. मनोज कंडवाल की पत्नी दीपिका कंडवाल ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी और सचिव रविंद्र बड़थ्वाल समेत सभी मौजूद लोगों ने स्व. कंडवाल को श्रद्धांजली दी। उन्होंने कहा कि सभी पत्रकार हर सुख-दुख में दीपिका कंडवाल और उनके परिवार के साथ खड़ा है। इस अवसर पर रश्मि खत्री, देवेंद्र नेगी, विनोद पुंडीर, शशि शेखर, शूरवीर भंडारी, मंजुल सिंह माजिला, दरबान सिंह, चेतन गुरूंग, संजय घिल्डियाल, संजीव कंडवाल समेत अन्य मौजूद रहे।