ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
नगर आयुक्त ने अमृत योजना के तहत खोदी गई सड़कें 15 दिन में दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्धारित समय के बाद खुद कार्यों का निरीक्षण करने की बात कही। वह सोमवार को नगर निगम में अमृत योजना के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान कार्य की रफ्तार सुस्त होने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई।
नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने वर्ष 2015-16 व 2016-17 में अमृत योजना के तहत होने वाले कार्यों को लेकर बैठक की। जिसमें उन्होंने कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अमृत के तहत हो रहे कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई। कहा कि पेयजल लाइन डालने के चलते शहर की तमाम सड़कों की खुदाई कर दी गई है। लेकिन, अभी तक उसे दुरुस्त नहीं किया गया है। 15 दिन के भीतर खोदी गई सड़कें हरहाल में दुरुस्त कर ली जाएं। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। उन्होंने 15 दिन के बाद खुद कार्यों का निरीक्षण करने की बात कही। इस दौरान केंद्रीय भंडार शाखा के अधिशासी अभियंता सुमित आनंद, अनुज कौशिक, जल संस्थान के एई नवनीत कटारिया, प्रमोद नौटियाल, अर्बन प्लानर आशीष कठैत आदि मौजूद रहे।