भाजयुमो ने पाकिस्तान का पुतला फूंका
-- पीएम मोदी से पाक को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
पाकिस्तान सेना द्वारा जम्मू स्थित राजौरी के कैरी सेक्टर पर की गई गोलीबारी में भारतीय जवानों के शहीद होने से आक्रोशित भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और पुतला फूंका। संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस घटना के लिए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग की है। पाकिस्तानी सेना द्वारा जम्मू के राजौरी के कैरी सेक्टर में बीते शनिवार को की गई गोलीबारी में भारतीय सेना के जवानों के शहीद होने के विरोध में मोर्चा कार्यकर्ताओं ने त्रिवेणीघाट चौक पर पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए पाक का पुतला फूंका।
मोर्चा के नगर मंडल महामंत्री गोपाल चंदेल ने कहा कि पाकिस्तान की नापाक हरकत से भारतीय जवान सीमा पर शहीद हो रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से पाकिस्तान को सबक सिखाने की मांग की है। कहा कि पाकिस्तान जैसे आतंकी देश को उसकी ही भाषा में जवाब दिया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों में अभिषेक मल्होत्रा, शशि कौशिक, सोनू नेगी, मनोज शर्मा, जॉनी लांबा, शिवम शर्मा, रोबिन, ऋषभ, नीरज, आशीष आदि शामिल थे।