...और बिजली से जगमगाई वन चौकी
-- अमर उजाला में खबर छपने के बाद ऊर्जा निगम ने ट्रांसफर किया बिजली कनेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। ऊर्जा निगम की लापरवाही से अंधेरे में डूबी वन विभाग की ऋषिकेश-देहरादून जंगलात बैरियर वन चौकी सोमवार को जगमगा उठी। निगम अधिकारियों ने अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेते हुए विभाग की नई चौकी में बिजली कनेक्शन ट्रांसफर कर दिया है। अमर उजाला ने सोमवार के अंक में गुलदार के हमले में बाल-बाल बचा वनकर्मी शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसमें नई जंगलात बैरियर चौकी में पुरानी चौकी से बिजली कनेक्शन ट्रांसफर किए जाने के आवेदन के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का जिक्र किया गया था।
इसके साथ ही बिजली नहीं होने से अंधेरे के चलते गुलदार के चौकी में धमकने की बात डिप्टी रेंजर विनोद रावत ने बताई थी। अमर उजाला ने मामले को प्रमुखता से उठाया, तो ऊर्जा निगम के अधिकारियों की नींद खुली। सोमवार सुबह निगम के कर्मचारियों ने अस्थायी बिजली लाइन बनाकर वन चौकी में बिजली कनेक्शन को ट्रांसफर कर दिया। चौकी में बिजली सुचारु हो गई, जिससे वनकर्मियों ने राहत की सांस ली।