उत्तरकाशी। पालिका में सिटी बसों की मरम्मतीकरण और फ्यूल खर्चें को लेकर पालिका बोर्ड द्वारा की जा रही जांच में अनियमितताएं पाई गई हैं। पांच सदस्यीय कमेटी ने 29 जून को जांच रिपोर्ट पालिकाध्यक्ष व ईओ को सौंप दी है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हो पाई है। वहीं जांच कमेटी के अध्यक्ष ने एक सप्ताह में दोषी लोगों पर कार्रवाई नहीं होने पर अनशन की चेतावनी दी।
विगत माह छात्र नेता अमरीकन पुरी ने पालिका में खड़ी बसों की मरम्मत व डीजल खर्चें को लेकर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया था। इस पर छात्र नेता ने हनुमान चौक पर तीन दिन तक अनशन भी किया था। इस पर एक तरफ जहां जिला प्रशासन ने जांच शुरू की थी, तो वहीं पालिकाध्यक्ष जयेंद्री राणा ने सभासद भूदेव कुड़ियाल की अध्यक्षता में एक पांच सदस्यीय कमेटी बनाकर मामले की जांच सौंपी थी। इस पर 29 जून को कमेटी ने तीन पेज की जांच रिपोर्ट पालिका प्रशासन को सौंप दी है। जांच में वित्तीय अनियमितताएं पाई गई, जिसमें बिलों व खड़ी बसों की मरम्मतीकरण का मामला पाया गया। इसके बाद कमेटी ने छह दिन बाद पालिका प्रशासन की ओर से दोषियों पर कार्रवाई न करने पर रोष व्यक्त किया है। जांच कमेटी के अध्यक्ष भूदेव कुड़ियाल ने चेतावनी दी है कि अगर सात दिन के अंदर जांच रिपोर्ट पर दिए गए बिंदुओं के अनुसार कार्रवाई नहीं होती है, तो वे अनशन शुरू कर देंगे। पालिका द्वारा दोनों बसों के टायर खरीद, कूूड़ेदान मरम्मत पर करीब 12 लाख खर्च किए गए। जिसकी कमेटी ने उच्च स्तरीय मजिस्ट्रेट जांच की संस्तुति की है। वहीं मामले में जिला प्रशासन ने भी वित्तीय अनियमितताएं पाई हैं, जिसकी रिपोर्ट शहरी विकास विभाग को भेज दी गई है।