सामूहिक प्रयासों से ही लगेगी हादसों पर रोक : गामा
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही सड़क हादसों पर रोक लग सकती है। हमें यातायात नियमों का पालन करने की आदत डालनी चाहिए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके। वह सोमवार को 30वें सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत पवेलियन ग्राउंड से निकाली गई जागरुकता रैली को संबोधित कर रहे थे।
इससे पहले मेयर के साथ ही परिवहन सचिव शैलेश बगौली, जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन, एसएसपी निवेदिता कुकरेती आदि ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। करीब 15 बाइकर्स के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने बैनर-पोस्टरों के जरिये लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जानकारी दी। रैली सचिवालय, नैनी चौक, बहल चौक, एस्लेहॉल, गांधी पार्क, घंटाघर होते हुए पवेलियन ग्राउंड पर खत्म हुई। रैली में जीजीआईसीसी राजपुर, लक्खीबाग, डीपीएस, एसजीआरआर के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। वहीं, इससे पहले परिवहन सचिव शैलेश बगौली ने कहा कि हेलमेट लगाकर ही बाइक चलानी चाहिए। यातायात नियमों के पालन के जरिये ही सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
अपर परिवहन आयुक्त सुनीता सिंह ने कहा कि लोगों को सुरक्षित भविष्य के लिए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान यातायात नियमों का पालन करने के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। आरटीओ दिनेश चंद्र पठोई ने विभाग की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने कहा कि सुरक्षा के लिए सभी को सावधानी बरतकर सड़क सुरक्षा के नियमों की पालन करना चाहिए। इस मौके पर सहायक परिवहन आयुक्त एसके सिंह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मुख्यालय नरेश सिंघल, एआरटीओ अरविंद पांडेय आदि मौजूद रहे।
--
गांधी पार्क में चलाया हस्ताक्षर अभियान
सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत गांधी पार्क में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। जिसमें सैकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर कर यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। हस्ताक्षर करने वालों पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट समेत अनेक लोग शामिल थे।
--
नुक्कड़ नाटक के जरिये किया जागरूक
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लक्खीबाग की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिये लोगों को यातायात के नियमों की जानकारी दी। एआरटीओ अरविंद पांडेय ने बताया कि 30वें सड़क सुरक्षा सप्ताह की थीम सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा है। बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत 10 फरवरी तक कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
--
लोगों को दिलाई शपथ
कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं ने खुद के साथ ही दूसरे लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। लोगों का कहना था कि यातायात नियमों का पालन करने से हादसों पर अंकुश लग जाएगा।
--
क्विज विजेताओं को बांटी रोड सेफ्टी बुक
सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत क्विज प्रतियोगिता भी हुई, जिसके विजेताओं को रोड सेफ्टी बुक दी गई। वहीं, परिवहन और पुलिस विभाग के कर्मचारियों को भी रोड सेफ्टी बुक बांटी गई।