ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बीते कुछ दिनों के दौरान धूप फीकी पड़ने लगी है। इसके चलते दिन में भी ठंड बढ़ गई है। दिन के अधिकतम तापमान में छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि पहाड़ों में धूप की तेजी और गर्मी अभी सामान्य है।
अमूमन नवंबर अंत और दिसंबर शुरुआत से ज्यादातर इलाकों में दिन के तापमान में कमी आने लगती है। मौसम में यह बदलाव साफ देखा जा सकता है। नवंबर अंत में एकाएक तापमान में खासी कमी दर्ज की गई है। नवंबर के पहले पखवाडे़ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास था, वहीं दूसरे पखवाडे़ के अंत तक घटकर 24 डिग्री ही रह गया है। मौसम केंद्र के अनुसार इस अवधि में न्यूनतम तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। रात को ठंड बढ़ी है, लेकिन यह बहुत ज्यादा असामान्य नहीं है। दिन के तापमान में तेजी से कमी हुई है।
कोहरा और पाला बढ़ेगा
मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार बीतेे कुछ दिनों में तापमान में तेजी से कमी आई है। दिन के समय गर्मी कम होने से अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अगले कुछ दिनों में कोहरा और पाला बढ़ जाएगा। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और पहाड़ी क्षेत्रों पाला बढ़ने से ठंडक भी बढ़ जाएगी।