ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
महादेवी कन्या पाठशाला (एमकेपी) महाविद्यालय में एनसीसी दोबारा शुरू होगी। छात्राओं के लगातार आंदोलन और कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुनीता कुमार के मामले पर गंभीरता से बात करने के बाद एनसीसी यूके 29 बटालियन और कॉलेज प्रशासन के बीच सैद्धांतिक सहमति बन गई है। फिलहाल, सीओ स्तर से 15 ओपन सीटें, एमकेपी की छात्राओं के लिए आरक्षित की जा रही हैं।
एमकेपी में पहले एनसीसी की पूरी यूनिट थी, जिसमें करीब 160 कैडेट्स थीं। कॉलेज में जो शिक्षिका एनसीसी की जिम्मेदारी संभालती थी, उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कोई दूसरी शिक्षिका यह जिम्मेदारी संभालने को तैयार नहीं हुई। नतीजतन, एनसीसी की यूनिट बंद कर दी गई। करीब दो साल से एमकेपी की छात्राओं को एनसीसी ज्वाइन करने का मौका नहीं मिल पा रहा था। इस साल छात्राओं ने इसके लिए आंदोलन शुरू किया। इस संबंध में वह हस्ताक्षर अभियान चलाने के साथ ही प्राचार्य को ज्ञापन भी दें चुकी हैं। प्राचार्य डॉ. सुनीता कुमार ने इस बाबत एनसीसी यूके 29 बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुदीप बोस से बात की। दोनों पक्षों के बीच इस वर्ष से ही एनसीसी दोबारा शुरू करने की सैद्धांतिक सहमति बन गई है। कर्नल सुदीप ने बताया कि ओपन कैटेगरी में 15 सीटें एमकेपी की छात्राओं के लिए इस साल रिजर्व की जाएंगी। इसके बाद अगले साल से इनकी संख्या बढ़ा दी जाएगी। धीरे-धीरे एमकेपी में दोबारा पूरी यूनिट स्थापित कर दी जाएगी।