देश के नामी विश्वविद्यालय संवारेंगे शिक्षा
ब्यूरो/अमर उजाला देहरादून। प्रदेश में उच्च शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए देश के नामी विश्वविद्यालयों की मदद ली जाएगी। इसके लिए सरकार शीर्ष एनआईआरएफ रैंकिंग वाले विश्वविद्यालयों के साथ समझौता करेगी। इन विवि की फैकल्टी की मदद से शिक्षा में सुधार किया जाएगा। मंगलवार को दून विवि में हुई बैठक में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यह जानकारी दी।
दून विवि में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता डॉ. धन सिंह रावत ने की। बैठक में सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वह समय से परीक्षाएं कराएं और परिणाम जारी करें। डॉ. रावत ने निर्देश दिए कि सत्र शुरू होने के साथ ही सभी महाविद्यालयों में पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी विश्वविद्यालय निर्धारित समय पर दीक्षांत समारोह का आयोजन करें। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि शीर्ष एनआईआरएफ (नेशनल इंस्टीट्यूट रैंकिंग फ्रेमवर्क) रैंकिंग वाले विश्वविद्यालयों से प्रदेश के अलग-अलग विश्वविद्यालयों का समझौता किया जाएगा। माना जा रहा है कि इससे शोध और अध्यापन की गुणवत्ता में सुधार होगा।
समीक्षा बैठक में दून विवि के कुलपति प्रो. सीएस नौटियाल, श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति प्रो. यूएस रावत, उत्तराखंड आवासीय विवि के कुलपति प्रो. एचएस धामी, कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. डीके नौरियाल, रूसा के एडवाइजर प्रो. एमएसएम रावत, प्रो. केडी पुरोहित, रूसा की निदेशक प्रो. हर्षवंती बिष्ट, सहायक निदेशक डॉ. रचना नौटियाल, दून विवि प्रभारी कुलसचिव प्रो. एचसी पुरोहित, असिस्टेंट रजिस्ट्रार डॉ. मंगल सिंह मंद्रवाल उपस्थित रहे।