ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मसूरी विधायक गणेश जोशी ने बताया कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता को प्रधानमंत्री और फ ौज के सिपाही को तीन बार विधायक बनाने वाली एकमात्र पार्टी भाजपा ही है। वे राजपुर रोड स्थित एक होटल में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने शिरकत की।
विधायक गणेश जोशी ने कहा कि व्यक्तिगत कार्यों से आगे बढ़कर पार्टी के कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। बूथ अध्यक्षों की कम उपस्थिति पर विधायक ने चिंता जताते हुए संगठनात्मक कार्यक्रमों पर ध्यान देने की हिदायत दी। उन्होंने वार्ड संयोजकों को आज ही बूथ स्तर पर कमेटी गठित करने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने भाजपा के संपर्क फॉर समर्थन अभियान को प्राथमिकता देते हुए केंद्र एवं राज्य के विकास कार्यों के साहित्य के साथ बूथ स्तर तक संपर्क करने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की जनकल्याणकारी योजनाओं से जनता को अवगत कराएं। सम्मेलन में मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल एवं मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल सहित विधानसभा क्षेत्र के सभी भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।