ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आज तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान आ सकता है। शासन और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज बारिश और आंधी की आशंका जताई है। ज्यादातर स्थानों पर बारिश के साथ 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आ सकती है। विभागीय बुलेटिन में आठ और नौ मई को तेज बारिश के साथ ओले गिरने का भी अनुमान जताया गया है। मौसम केंद्र देहरादून से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात से मौसम में बदलाव आएगा। मंगलवार और बुधवार को मौसम का मिजाज इसी तरह का बना रहेगा। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम खासा खराब रहेगा।
वहीं, मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपदा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था रखने और सभी तरह की तैयारियां रखने के निर्देश दिए हैं।
....................
दून में बंद रहेंगे आंगनबाड़ी केंद्र और स्कूल
देहरादून।
बारिश और तेज अंधड़ का अलर्ट जारी होने के बाद जिलाधिकारी देहरादून ने राजधानी के सभी आंगनबाड़ी केंद्र और सरकारी व निजी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने बताया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के अलावा 12वीं तक के शासकीय व निजी विद्यालय बंद रहेंगे। उन्होंने मुख्य शिक्षाधिकारी को आदेश का पालन सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए हैं।