ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
यूट्यूब पर एक करोड़ से ज्यादा व्यूज पाने वाले उत्तराखंड के पहले सुपरहिट गीत चैत्वाली का आधिकारिक वीडियो रविवार को धूमधाम से रिलीज हुआ। रिलीज होने के साथ ही वीडियो यूट्यूब पर ट्रेंड करने लगा। यूट्यूब पर गीत रिलीज होते ही हजारों लोगों ने इसे देखा, जिससे यह ट्रेंड करने लगा। अमित सागर ने प्रशंसकों से यूट्यूब पर गीत का कंटेट कापी न करने की अपील की है। उन्होंने उनके पेज से ही गीत शेयर करने की अपील की।
रविवार को प्रेस क्लब में सुप्रसिद्ध लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी, हंस फाउंडेशन के चंदन सिंह भंडारी, हास्य कलाकार घनानंद, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण, लोक गायिका रेखा धस्माना उनियाल और अमित सागर ने संयुक्त रूप से गीत का वीडियो लांच किया। नरेंद्र सिंह नेगी ने अमित सागर के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि काफी समय तक अमित उनके ग्रुप में जुड़े रहे। उन्हें खुशी है कि आज वह करोड़ों दिलों पर राज कर रहे हैं। प्रीतम भरतवाण ने कहा कि अमित ने शास्त्रीय संगीत और लोक संगीत को मिलाने का काम किया, जो श्रोताओं को खूब पसंद आया है।
अमित सागर ने बताया कि वीडियो का निर्देशन विजय भारती, आंछरी की मुख्य भूमिका में पूजा रावत, कैमरा, एडिटिंग अंशुल निराला, विक्की शर्मा-चंद्रमोहन कोली और संगीत गुंजन डंगवाल का है। वीडियो की शूटिंग बेनीताल, सिरोबगड़, पौड़ी, खांड्यूसैंण, मसूरी और गंगा दर्शन मोड श्रीनगर में हुई। माता मंगला और भोले महाराज ने उन्हें बेहतर वीडियो बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर मणि भारती, नागेंद्र प्रसाद, ऊषा नेगी, राकेश भारद्वाज, चंद्रवीर गायत्री, गंभीर सिंह जियाडा, शाश्वत जे पंडित, जसपाल पंवार और प्रशांत त्रिवेदी समेत अन्य मौजूद रहे।