ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
नगर निगम के सीमा विस्तार को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय में पांच आपत्तियां दर्ज की गई। दो दिन में अब तक सात सात आपत्तियां आ चुकी हैं। हाईकोर्ट के सीमा विस्तार पर राज्य सरकार के शासनादेश को खारिज करने के बाद 18 मार्च तक नए सिरे से आपत्तियां ली जा रही हैं।
सहसपुर विकासखंड की ग्राम सभा आरकेडिया ग्रांट को लेकर प्रधान सीमा देवी ने आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि गांव में करीब 1600 परिवार रहते हैं, जो बीपीएल श्रेणी के हैं। कहा कि कृषि क्षेत्र होने के कारण गांव को नगर निगम में शामिल न किया जाए। उधर, वी. वीरू बिष्ट ने भी आरकेडिया ग्रांट ग्राम सभा को नगर निगम में शामिल नहीं करने को लेकर आपत्ति दी। कहा कि अगर यह क्षेत्र निगम में शामिल होता है तो यहां भूमाफिया सक्रिय हो जाएंगे। क्षेत्र पंचायत सदस्य बंजारावाला प्रीति भट्ट ने कहा कि ग्राम सभा को नगर निगम में शामिल करने पर इसका विरोध किया जाएगा। कहा कि पहले भी वार्ड सदस्य, प्रधान व ग्रामीणों को विश्वास में लिए बगैर ग्राम सभा को निगम में शामिल कर लिया गया था। इस दौरान संदीप पाल, जितेंद्र पवार, प्रकाश डंगवाल, मुनिया देवी आदि मौजूद थे। इसके अलावा बंजारावाला ग्राम सभा को लेकर विजय भट्ट ने आपत्ति दी। उन्होंने कहा कि बंजारावाला वार्ड की आबादी सात हजार से अधिक है। जबकि अन्य वार्डों की आबादी सात हजार है। ऐसे में वार्ड को छोटा किया जाए। वहीं, ऋषिकेश के प्रगति नगर से भी एक आपत्ति पहुंची।