ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
एमटीवी पर प्रसारित हो रहे सुपर फाइट लीग सीजन-4 में रुद्रप्रयाग के अंगद बिष्ट अपना दम दिखा रहे हैं। शो में अंगद यूपी नवाब की टीम का हिस्सा हैं। रुद्रप्रयाग और देहरादून से पढ़ाई करने के बाद अंगद ने मुंबई का रुख किया और प्रोफेशनल फाइटिंग में किस्मत आजमाई। मिक्स मार्शल आर्ट में अंगद आज तक कोई भी फाइट नहीं हारे हैं।
रुद्रप्रयाग निवासी अंगद को बचपन से ही बाडी बिल्डिंग का शौक था। रुद्रप्रयाग स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से 12वीं तक की पढ़ाई करने के बाद अंगद ने देहरादून में बलूनी क्लासेस से कोचिंग की। एक साल कोचिंग के बाद अंगद ने पढ़ाई छोड़ दी और दिल्ली चले गए। दिल्ली के बाद वह मिक्स मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग के लिए मुंबई और बंगलुरू चले गए। इसके बाद अंगद ने प्रोफेशनल फाइटिंग में हाथ आजमाया। एमेच्योर मिक्स मार्शल आर्ट में अंगद ने अब तक आठ मुकाबले जीते हैं। वहीं, प्रो मिक्स मार्शल आर्ट में एक फाइट जीती है। अंगद के पिता मोहन सिंह बिष्ट रुद्रप्रयाग में कारोबारी हैं। अंगद अब प्रोफेशनल फाइटिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम रोशन करना चाहते हैं। इसके लिए वह कड़ी मेहनत भी कर रहे हैं। अंगद से जुड़े टेलनियों के सीईओ और सहपाठी रहे नीतीश रमोला ने बताया कि अंगद को पढ़ाई के दौरान भी बाडी बिल्डिंग का शौक था। सुपर फाइट लीग की समाप्ति के बाद अंगद रुद्रप्रयाग आएगा।