ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
कनक कला केंद्र और कैन प्रोटेक्ट फाउंडेशन की ओर से रविवार को किशननगर स्थित कनक कला केंद्र में स्तन कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सीएमआई की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता प्रभाकर ने 50 महिलाओं की जांच कर स्तन कैंसर के प्रति जागरूक किया। इस दौरान केंद्र की छात्राओं और महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी।
रविवार को आयोजित शिविर का शुभारंभ संस्थान की संचालिका भरतनाट्यम गुरु वीना अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर के प्रति महिलाएं कम जागरूक हैं। इसके चलते जब बीमारी लास्ट स्टेज पर पहुंच जाती है, तब उन्हें पता चलता है। महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया गया। बताया कि शिविर में महिलाओं के लिए कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि समाजसेविका रीता गोयल ने शिविर आयोजकों के प्रयास की सराहना की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक रहने की अपील की। अर्चना सिंघल, मीनाक्षी जुआंठा, प्रमिला जोशी और रीता ने नृत्य और लोक गायिका सोनिया आनंद ने गीत की प्रस्तुति दी। इस दौरान समाज सेविका रमा गोयल, मधु सचिन जैन, स्वाति गुंबर, डेजी मित्तल, अमरजीत कौर, मॉडल अनु डागर, प्रियंका जीना, निमिषा जैन, प्रदीप बावा, सीमा चौहान, सीमा कनौजिया, मेघा कैंतुरा और प्रवीण डंग आदि मौजूद रहे।