फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संडे मार्केट से अतिक्रमण हटाने पर हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
विज्ञापन

संडे मार्केट में लैंसडाउन चौक और पंत रोड पर लगने वाली फड़ और ठेलियां हटाने को लेकर रविवार को पूरे दिन हंगामा रहा। नगर निगम ने फुटपाथ और सड़क से फड़ एवं ठेलियों को हटाकर करीब दो दर्जन व्यापारियों का सामान जब्त कर दिया। फड़ हटाने के दौरान व्यापारियों की निगम कर्मियों कर्मियों से कई बार तीखी नोकझोंक हुई। जब्त सामान की छीनाझपटी के दौरान हाथापाई तक हो गई। व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों का घेराव किया। हालांकि, देर शाम को नगर निगम ने पांच-पांच सौ रुपये का जुर्माने वसूल जब्त सामान छोड़ दिया।
हर रविवार को पंत रोड, लैंसडाउन चौक और तिब्बती मार्केट के सामने फुटपाथ और सड़क पर बाजार सजता है। अधिकांश व्यापारी सहारनपुर, रामपुर, मुरादाबाद और आसपास इलाकों से पहुंचते हैं। सुबह सात बजे से बाजार सज जाता है। पंत रोड और लैंसडाउन चौक पर करीब 100 फड़ एवं ठेलियां लगती हैं। पंत रोड व्यापारी संगठन के अध्यक्ष मोहन लाल के मुताबिक सुबह नगर निगम के दो कर्मचारी बाजार में पहुंचे और हरिद्वार स्थित झबरेडा के दो व्यापारियों का जबरन फड़ लगवाने लगे। मोहन लाल के मुताबिक स्थानीय व्यापारियों ने इसका विरोध किया। मोहन लाल ने आरोप लगाया कि जिन दो व्यापारियों के जबरन फड़ लगवाए जा रहे थे वो भाजपा नेता के रिश्तेदार हैं। स्थानीय व्यापारियों ने नए व्यापारियों के फड़ नहीं लगने दिए। इससे मामला तूल पकड़ गया और नगर निगम ने पंत रोड और लैंसडाउन चौक में फुटपाथ और सड़क पर लगने वाले सभी व्यापारियों की फड़ एवं ठेलियां हटा दी।
विज्ञापन

निगम की कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कुछ ने अपना फड़ समेट लिया तो अधिकांश नगर निगम कर्मियों से भिड़ गए। इसको लेकर हंगामा खड़ा हो गया। व्यापारियों और निगम कर्मियों के बीच नोकझोंक के बाद नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम से लैंसडाउन चौक और पंत रोड के सभी व्यापारियों को हटा दिया। दोपहर करीब दो बजे व्यापारियों ने फिर अपने फड़ सजाने शुरू कर दिए। सूचना पर नगर निगम की टीम पहुंची और सामान जब्त करने को लेकर फिर विवाद हो गया। व्यापारियों और कर्मियों के बीच जमकर कहासुनी हुई। इसी बीच भाजपा कार्यालय से व्यापारियों के समर्थन में कुछ पार्षद पहुंच गए। पार्षदों ने पुराने व्यापारियों को हटाकर नए व्यापारियों के फड़ लगाने का विरोध किया। निगम ने पुलिस की मदद से जबरन फुटपाथ और सड़क खाली कराते हुए करीब दो दर्जन व्यापारियों का सामान जब्त कर लिया। नगर निगम की टीम वहीं रही। व्यापारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। देर शाम को व्यापारियों से पांच पांच सौ रुपये जुर्माना वसूलकर जब्त सामान छोड़ा गया।
.............................................
भाजपा विधायक के खिलाफ भी फूटा गुस्सा
व्यापारियों ने भाजपा नेताओं के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा के विधायक ने भी नए दो व्यापारियों के फड़ लगवाने की सिफारिश की थी। नारेबाजी के बाद व्यापारी क्षेत्रीय विधायक खजान दास के पास पहुंचे। व्यापारियों ने कहा कि पंत रोड में 72 फड़ लगाने की प्रशासन से अनुमति है। लैंसडाउन चौक स्थित बांस के पेड़ों के नीचे भी 25 फड़ पिछले एक दशक से लगते हैं। नगर निगम उनसे तहबाजारी वसूलता है। खजान दास ने कहा कि प्रशासन ने जिनको अनुमति दी है उन्हें छेड़ा नहीं जाएगा। अवैध तरीके से फुटपाथ एवं सड़क पर किसी तरह के नए फड़ एवं ठेलियां नहीं लगने दी जाएंगी।
....................................................
पुलिस और निगम की सांठगांठ की मार्केट
संडे मार्केट में अधिकांश फड़ एवं ठेलियां नगर निगम और पुलिस की सांठगांठ से लगती हैं। व्यापारी तहबाजारी शुल्क के अलावा पुलिस और नगर निगम कर्मियों की जेब गरम करते हैं।
विज्ञापन

..............................
कौन थे दो व्यापारी
जिन दो व्यापारियों के नए फड़ लगवाने को लेकर विवाद हुआ वो हरिद्वार जिले के एक भाजपा विधायक के नजदीकी बताए जा रहे हैं। हरिद्वार जिले के विधायक ने देहरादून के एक विधायक से उनके फड़ लगवाने की सिफारिश भी की थी। दोनों ही व्यापारियों ने सुबह लैंसडाउन चौक के सामने बांस के पेड़ों के पास अपनी चारपाई लगाकर फड़ सजा दिया। आसपास के व्यापारियों ने उनका फड़ हटा दिया। इसके बाद ही नगर निगम के कर्मचारी उनका फड़ लगवाने पहुंचे। स्थानीय व्यापारियों से बात नहीं बनने पर उन्होंने सभी फड़ एवं ठेलियों को हटवा दिया।
........................................
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें