ब्यूरो/अमर उजाला, कोटद्वार/देहरादून।
दुगड्डा ब्लाक के अंतर्गत इंटर कालेज पोखरी अजमीर के 80 छात्र-छात्राओं ने देहरादून का दो दिवसीय शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई), ओएनजीसी मुख्यालय का भ्रमण किया। इसके अलावा बुद्धा टेंपल और विज्ञान भवन सेलाकुईं भी बच्चों ने देखा। ओएनजीसी और एफआईआर के संग्रहालय में बच्चों ने कई अजूबे देखे।
शैक्षिक भ्रमण में छात्रों को पहले दिन ओएनजीसी मुख्यालय के साथ ही वहां के संग्रहालय का भ्रमण कराया गया। छात्र-छात्राओं ने स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत ओएनजीसी के अधिकारियों के सामने आकर्षक और ज्ञानवर्द्धक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। तेल भवन में ओएनजीसी के समूह महाप्रबंधक प्रीता पंत व्यास, उपमहाप्रबंधक शरदचंद्र झिल्डियाल, प्रबंधक बीएस नेगी, ललित मोहन लखेड़ा ने छात्र-छात्राओं को विज्ञान संबंधी जानकारी दी। कहा कि यदि एक छात्र स्वच्छता के लिए दस छात्रों को प्रेरित करता है, तो स्वच्छता अभियान सफल हो जाएगा। इस अवसर पर ओएनजीसी ने छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग और शिक्षण सामग्री उपहार स्वरूप दी। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य मनवर लाल भारती, पीटीए अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद केष्टवाल, दिनेश सिंह राणा, ऊषा नौटियाल, पंकज कुमार, दीपक गुसाईं, नितेश सिंह, मोहित बिष्ट आदि मौजूद रहे।