रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने मंगलवार को खंड विकास कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों से संबंधित फाइलों और अन्य दस्तावेज जांचे। कार्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। डीएम ने तिलवाड़ा-सुमाड़ी में संचालित शराब की दुकान का निरीक्षण करते हुए ठेकेदार को चेतावनी भी दी।
बीडीओ कार्यालय अगस्त्यमुनि पहुंचे डीएम घिल्डियाल ने विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित फाइलों और जरूरी दस्तावेजों को देखा। इस दौरान उन्होंने पाया कि ब्लॉक स्तर पर किए गए कार्यों का भुगतान बिना अवर अभियंता और खंड विकास अधिकारी की संस्तुति के बिना ठेकेदार को किया गया है। डीएम ने इस तरह के सभी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच के निर्देश भी दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त हुई सिल्ली-सौरगढ़ पेयजल योजना का निरीक्षण कर जलसंस्थान के ईई को इस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने तिलवाड़ा-मयाली-जखोली सड़क पर सुमाड़ी में संचालित शराब की दुकान का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर एसडीएम सदर मुक्ता मिश्र, ईई लोनिवि मूलचंद, सतेंद्र गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।