अमरउ जाला ब्यूरो
हरिद्वार।
वन और आयुष चिकित्सा मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने सोमवार की देर शाम गुरुकुल कांगडी महाविद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय और अस्पताल परिसर की साफ सफाई और व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि अगर शीघ्र ही व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार की शाम आयुष दवा निर्माताओं के एक कार्यक्रम मे भाग लेने आए डॉ. हरक सिंह रावत को रानीपुर के विधायक आदेश चौहान ने अपनी विधानसभा क्षेत्र में स्थित गुरुकुल राजकीय महाविद्यालय के बारे में भारी अव्यवस्थाओं की शिकायत की। उनके आग्रह पर आयूष मंत्री ने महाविद्यालय में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक और आवासीय परिसर के साथ ही अस्पताल को भी देखा। कई जगह गंदगी और परिसर में ढाड़ियां देख आयुष मंत्री ने नाराजगी जताई।कहा कि जब इतनी बड़ी शिक्षण संस्थाओं में ही सफाई के बेहतर इंतजाम नहंी होंगे तो छोटे संस्थानों के बारे में क्या कल्पना की जाएगी। उन्होंने अस्पतालों में मरीजों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने को कहा। शीघ्र ही अव्यवस्थाओं को दूर नहीं किए जाने पर उन्होने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। अस्पताल के आधे-अधूरे भवन को देखकर उन्होंने काम बीच में ही रोके जाने का कारण पूछा तो वित्तीय कमी का कारण बताया गया। उन्होंने इसके लिए पचास लाख रुपए उपलब्ध कराने और शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान रानीपुर के विधायक आदेश चौहान, मंडी समिति के पूर्व चेयरमैन संजय चोपड़ा महाविद्यालय के प्राचार्य समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।