श्रीनगर। संयुक्त अस्पताल से स्थानांतरित हुए चिकित्सकों के स्थान पर प्रतिस्थानी चिकित्सक भेज दिए गए हैं। इस बात की पुष्टि स्थानीय विधायक व उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने की है। जल्द ही प्रतिस्थानी चिकित्सक अस्पताल में अपनी सेवाएं देना शुरू कर देंगे।
शहर में स्थित संयुक्त चिकित्सालय से चार चिकित्सकों का स्थानांतरण हो गया था। स्थानांतरित होने वाले चिकित्सकों में महिला चिकित्साधिकारी कमलेश भारती, निश्चेतक डा. प्रदीप चौहान, पैथोलॉजिस्ट डा. कुमार आदित्य तिवारी व फिजिशियन एसके बड़थ्रवाल शामिल थे। एक साथ चार चिकित्सकों के स्थानांतरण पर स्थानीय निवासियों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया था। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी थी कि अगर जल्द चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। स्थानीय विधायक व उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बताया कि स्थानांतरित हुए चिकित्सकों के स्थान पर प्रतिस्थानी चिकित्सकों को भेज दिया गया है। जल्द ही ये चिकित्सक अस्पताल में सेवाएं देना शुरू कर देंगे। जिन चिकित्सकों को यहां भेजा गया है उनमें डा. अजय कुमार गैरोला, डा. संगीता कुमारी, डा. अनुपमा व डा. कौशलेंद्र शामिल हैं।