सहसपुर। दोस्त के साथ आसन नदी में नहाने गए 10 साल के बालक की डूबने से मौत हो गई।
एसएसआई रविंद्र नेगी ने बताया कि मृतक की पहचान अभिनव पुत्र विपिन सेमवाल निवासी गढ़वाली बस्ती सभावाला के तौर पर हुई है। कहा कि तीन दोस्तों के साथ बालक आसन नदी में नहाने गया था। बरसात के चलते नदी में जल स्तर बढ़ा हुआ था। अभिनव तेज बहाव की चपेट में बह गया। उसके साथ के बच्चों ने शोर मचाया।
एसएसआई ने बताया कि नदी किनारे मौजूद लोग अभिनव को बचाने के लिए दौड़ पड़े। किसी तरह अभिनव को अचैत अवस्था में बाहर निकाला गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अभिनव दो भाइयों में छोटा था। वह श्री गुरुरामराय इंटर कॉलेज सहसपुर में पांचवीं का छात्र था। एसएसआई ने बताया कि परिजन ने पोस्टमार्टम नहीं कराने के संबंध में एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया है। एसडीएम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।