चंडीगढ़-कालका एक्सप्रेस से रामनगर को लिंक किए जाने संबंधी प्रस्ताव बनाकर डीआरएम कार्यालय से रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो रामनगर से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को यात्रा का बेहतर विकल्प मिलेगा। मंगलवार को रामनगर पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के क्षेत्रीय प्रबंधक चंद्रमोहन जिंदल ने यह बात कही।
बढ़ेगी प्लेटफॉर्म की लंबाई
रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि रामनगर रेलवे स्टेशन के एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म को जोड़ने के लिए पुल बनाने की जगह कम है। इस कारण पहले प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाई जाएगी।
पढ़ें, सरकार बचाने बहुगुणा के दरबार में पहुंचे हरीश
उन्होंने कहा कि लालकुआं से कासगंज तक ब्राडगेज लाइन बनने के बाद रामनगर को मथुरा, राजस्थान आदि क्षेत्रों से जोड़ने में आसानी रहेगी।
बरेली-लखनऊ की कनेक्टिविटी बढ़ेगी
रामनगर से बरेली रेल सेवा शुरू करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बजट में नई रेलों की घोषणा के बाद रामनगर से वाया बरेली-लखनऊ की कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
पढ़ें, 100 साल बाद दून पहुंची बुलबुल और मुनिया
सप्ताह में तीन दिन चलने वाली रामनगर-हरिद्वार रेल सेवा को नियमित करने और इस ट्रेन को देहरादून तक चलाए जाने के सवाल पर डीआरएम ने इस मार्ग पर अधिक रेलों का संचालन होने की बात करते हुए इस संभावना से इंकार कर दिया।
नहीं रुकेगी मुरादाबाद में ट्रेने
पूर्वोत्तर रेलवे की ट्रेनों को मुरादाबाद में अनावश्यक रूप से रोके जाने पर उन्होंने मुरादाबाद के डीआरएम से वार्ता कर समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान वाणिज्य अधिकारी आशीष भाटिया, मंडलीय सुरक्षा अधिकारी एमएस राना, स्टेशन प्रबंधक रामसुख आदि मौजूद रहे।
पढ़ें, निर्दलीय प्रत्याशी बिगाड़ सकते हैं बड़े दलों का गणित
इससे पूर्व व्यापार मंडल के मनमोहन अग्रवाल, उपपा के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने डीआरएम से मुलाकात की। उन्होंने समस्याओं के निदान की मांग की।