देहरादून। राजभवन में वसंतोत्सव 2013 के आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यह आयोजन 23-24 फरवरी को होगा। मंगलवार को प्रमुख सचिव, राज्यपाल अशोक पई की अध्यक्षता में बैठक हुई। बताया गया कि दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल अजीज कुरैशी 23 मार्च को सुबह 11 बजे करेंगे। 24 मार्च शाम पांच बजे राज्यपाल पुष्प प्रदर्शनी और प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत करेंगे। बताया कि भारतीय डाक विभाग द्वारा उद्घाटन अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति जारी किए जाने वाले ‘विशेष आवरण चित्र’ (डाक टिकट) के लिए इस वर्ष उत्तराखंड में उगने वाले सदाबहार झाड़ीनुमा पौधे किलमोड़ा का चयन किया गया है। इसकी जड़ और तना हर्बल दवाइयों के रूप में प्रयोग में लाया जाता है। वसंतोत्सव की थीम राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाले फल काफल पर आधारित होगी।