देहरादून। पलटन बाजार में दुपहिया वाहनों पर लगे प्रतिबंध को गलत बताते हुए ज्यादातर व्यापारी उसे हटाने की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को इस मुद्दे पर उन्होंने सीएनआई कॉलेज में एक बैठक की और वहां से कोतवाली तक जूलूस निकाला। प्रतिबंध हटाने को लेकर बृहस्पतिवार को वे एसएसपी से मुलाकात भी करेंगे। व्यापारी प्रतीक मैनी के अनुसार प्रतिबंध से उन्हें काफी समस्याएं हो रही हैं। ट्रांसपोर्टर सामान नहीं ला रहे हैं। ग्राहक भी कम आ रहे हैं। सामान लाने में पहले से ज्यादा भाड़ा देना पड़ रहा है। ज्यादातर व्यापारी इस प्रतिबंध से नाखुश हैं। बैठक में कृपाल सिंह कुकरेजा, सुशील अग्रवाल, अमरजीत सिंह, एएस चड्ढ़ा, विनोद सबरवाल और परविंदर सिंह मौजूद थे।