फतेहपुर। दिनदहाड़े दो सराफा कारोबारी को लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। गैंग लीडर समेत दो फरार हैं। आरोपियों के पास से दो तमंचे, लूटे जेवरात, दो बाइक बरामद की गई हैं।
बता दें कि सुल्तानपुर घोष में मंडवा गांव निवासी चेतन सोनी, राजन सोनी सात फरवरी को प्रेमनगर दुकान खोलने जा रहे थे। बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे, पिस्टल सटाकर सराफों से नौ लाख का माल लूट लिया था। सुल्तानपुर घोष थाने, खागा कोतवाली व स्वॉट की संयुक्त टीमें खुलासे में लगी थी। पुलिस टीमों ने सुल्तानपुर घोष के चौकी चौराहा के पास से घेराबंदी कर बाइक सवार दीपक त्रिपाठी पुत्र राजकुमार (रिटायर्ड वन विभाग के बाबू ) निवासी गंगानगर पुराना फाफामऊ सोरांव जिला प्रयागराज और जिले के हथगाम थाना क्षेत्र के गोकुलपुर निवासी गणेश मौर्या के बेटे धर्मेंद्र मौर्या को गिरफ्तार किया।
पुलिस लाइन में एसपी राहुल राज ने बताया कि दीपक ने कबूला कि साथी धर्मेंद्र मौर्या स्थानीय सराफ कारोबारियों की सूचना देता था। वह लोग प्रतापगढ़ के बाइक चोर से चोरी की बाइकें लेकर आते थे। लूट के बाद उन बाइकों को चोर के पास छोड़कर दूसरी बाइकों से निकल जाते थे। उनके साथ प्रयागराज के मेजा रोड के मनोज लाला गैंगलीडर और प्रयागराज का कुंथू साथी है। धर्मेंद्र को साथ लेकर मंडवा के पास सराफ कारोबारियों को सात फरवरी को बैग लूटा था। चार जनवरी को थरियांव थाने के सलेमपुर निवासी पंकज सोनी को लूटा था।
पुलिस का दावा है कि लूट का 41 सौ रुपया और लूटे पर्स के तीन एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। तीसरी वारदात को 11 जनवरी को खागा कोतवाली क्षेत्र में अकिलपुर ऐराया निवासी सराफ संतोष मौर्या को लूटा गया था। लूट के तीस ग्राम चांदी के आभूषण, लॉकेट, 85 सौ रुपये बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है। शहर के आईटीआई रोड इलाके से एक महिला की चेन लूटने का दावा किया गया है।
गैंग भदोही, प्रयागराज में कई लूट घटनाएं कर चुका है। फरार मनोज लाला और उसके साथी कुंथू की तलाश की जा रही है। आरोपी दीपक पर प्रयागराज के कर्नलगंज, खुल्दाबाद, मुट्ठीगंज, भदोही, दारागांज में नौ लूटपाट, हत्या के प्रयास, फ्राड के मामले दर्ज हैं। धरपकड़ में स्वॉट टीम के निरीक्षक अमित पांडेय, अश्विनी कुमार सिंह, संजीव कटियार, थानेदार गणेश प्रसाद सिंह की शामिल रहे हैं।
इनसेट-
पुलिस ने अफवाह का जाल बिछाकर पकड़ा
पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए अफवाह का जाल तैयार किया। पुलिस ने खागा से एक किसान के ट्रैक्टर खरीदने के लिए पांच लाख रुपये नकदी लेकर जाने की अफवाह फैलाई। यह सूचना धर्मेंद्र तक पहुंच गई। धर्मेंद्र ने दीपक के साथ मिलकर लूट का प्लान बनाया। दोनों खागा में कई दिन पहले दबोचे गए।