अशरीन हत्याकांड: आरोपी की शिनाख्त, लेकिन अभी पकड़ से दूर
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव अकबरपुर में बीते दिनों हुए अशरीन हत्याकांड मामले में पुलिस ने आरोपी की शिनाख्त तो कर ली है। लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस के चंगुल में नहीं फंस सका है। सूत्रों की मानें तो मामले में की गई कुछ नामजदगी भी गलत पाई जा रही है। पुलिस लगातार संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। लेकिन, हत्या के राज से अभी तक पर्दा नहीं उठ सका है।
बता दें कि बीते नौ फरवरी की देर शाम देहात कोतवाली के गांव अकबरपुर गांव में मायके में रह रही अशरीन पुत्री असलम की घर में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतका की बहन ने उसके पति रेहान उर्फ मोना समेत चार लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं, दूसरी ओर मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी पक्ष ने अधिकारियों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद पुलिस ने भी मामले में नए सिरे से जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। सूत्रों की माने तो पुलिस की प्रारंभिक जांच में कुछ नामजदगी भी गलत पाई जा रही हैं। साथ ही पुलिस भी लगातार कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दूृसरी ओर सूत्रों का कहना है कि पुलिस लगभग हत्याकांड के आरोपी की शिनाख्त भी कर चुकी है। लेकिन, अभी तक उसकी गिरफ्तारी न हो पाना पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में जांच जारी है, जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।