नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के मुताबिक खेप को कुल्लू से लाया जा रहा था। जिसकी सप्लाई हिमाचल से बाहर मुंबई और दिल्ली में होनी थी। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने खेप को मंगलवार रात को ही बरामद कर लिया था।
लेकिन इस तस्करी की किंगपिन महिला को बुधवार को गिरफ्तार करने के बाद ही बरामदगी का खुलासा किया गया है। इस मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने दो युवकों को खेप के साथ गिरफ्तार किया था।
एनसीबी की चंडीगढ़ टीम की यह नशे के कारोबार के खिलाफ इस साल की 26वीं सफलता है। फिलहाल एनसीबी ने महिला सरगना सहित दो अन्य आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं किया है। केवल इतना बताया गया है कि आरोपी मंडी के रहने वाले हैं।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो चंडीगढ़ के आयुक्त आशीष कुमार ओझा ने 19 किलो 350 ग्राम चरस तस्करी में संलिप्त महिला सरगना के साथ दो युवकों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया आरोपियों के खिलाफ चंडीगढ़ स्थित ब्यूरो में प्राथमिकी दर्ज की गई है।