शाहरुख खान, अक्षय और बड़े सितारों के लिए कई बार स्टंट कर चुका स्टंटमैन एक चोर निकला है, उसने एक लग्जरी कार को चुराया है। इस स्टंटमैन का नाम शमशेर खान है और वह एक स्टंट शो को भी होस्ट कर चुका है। इतना ही नहीं बॉलीवुड में एक्शन सीन के लिए पहचाने जाने वाले डायरेक्टर रोहित शेट्टी के साथ भी शमशेर ने काम किया है।
मिड-डे की खबर के अनुसार शमशेर ने बड़े नेता की पत्नी की लग्जरी ऑडी को चुराया है, जिसकी कीमत करीब 98 लाख रुपये है। लेकिन, कड़ी नाकाबंदी के बीच करीब 4 घंटे बाद उसे पुलिस ने पकड़ लिया।
खबरों के अनुसार शमशेर ने चोरी का कदम इसलिए उठाया क्योंकि इसके लिए उसे 2 लाख रुपये की रकम का ऑफर दिया गया था।
प्लान के तहत वीआईपी रेजिडेंशियल से चुराई कार
शमशेर की चोरी में मदद करने वाला कार डीलर अभय पाटिल
- फोटो : mid-day
दरअसल, शमशेर ने कार डीलर अभय पाटिल और वीआईपी रेजिडेंशियल बिल्डिंग में काम करने वाले विजय वर्मा के साथ मिलकर चोरी का प्लान बनाया था। बताते चलें कि इस वीआईपी जगह में कई नेता और बिजनेसमैन रहते हैं।
मंगलवार रात आरोपी ने घर से कार को चुराया और वहां से निकल गया। घर से कार चोरी होते ही बिजनेसमैन और नेता की पत्नी आभा बाफना ने पुलिस को खबर दे दी।
चोरी की शिकायत वर्ली थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद हर जगह कड़ी नाकाबंदी कर दी गई। वैस इस समय तक तो सबकुछ शमशेर के प्लान के अनुसार चल रहा था, लेकिन किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया क्योंकि वर्ली पुलिस ने कुर्ला पुलिस को पहले ही खबर दे दी।
बोला पिता की है कार
चोरी के बाद जब शमशेर नाकाबंदी पर पहुंचा तो पुलिस ने उससे पूछताछ की। शमशेर को गाड़ी से बाहर आने के लिए कहा गया और वह आराम से गाड़ी से उतर गया। पुलिस ने जब पूछा कि यह कार किसकी है तो उसने कहा कि यह उसके पिता की है।
पुलिस ने झूठ बोलते ही शमशेर को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ की जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि इस मामले में कही कोई बड़ा गिरोह तो शामिल नहीं है।