पॉश इलाके वसंत कुंज में रहने वाले एक तस्कर ने अवैध शराब की तस्करी के लिए अनोखा तरीका अपना रखा था। तस्कर ने विदेशी नस्ल के तीन कुत्ते पाले हुए थे।
जब दिल्ली पुलिस या दिल्ली सरकार की एक्साइज विभाग की टीम उसे पकड़ने जाती थी, तो वह उन पर कुत्ते छोड़ देता। कुत्ते छोड़कर ही उसने पिछले सप्ताह एक्साइज विभाग की टीम से अपने एक साथी को भी छुड़ा लिया था।
लेकिन जिस दिन उसके कुत्ते इलाज के लिए डॉक्टर के पास गए, आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वसंत कुंज पुलिस ने आरोपी को उसके साथी के साथ गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई है।
आरोपी एक्साइज विभाग के सिपाही की हत्या में वांछित था। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किशनगढ़, वसंत कुंज में रहने वाला राजेन्द्र अवैध शराब की सप्लाई करता था।
लोगों ने हवलदार की जमकर की थी पिटाई
ट्रैकर डॉग
- फोटो : Demo Pic
उसने विदेशी नस्ल के कुत्ते पाल रखे थे। एक्साइज विभाग में तैनात एसआई देवेन्द्र मलिक, हवलदार राजेश, सतपाल व सिपाही आजाद की टीम ने राजेन्द्र के साथी हनीफ को गिरफ्तार कर लिया था।
टीम हनीफ को लेकर 13 सितंबर को राजेन्द्र के घर दबिश देने गई थी। जहां पर राजेन्द्र ने टीम पर कुत्ते छोड़ दिए। मौके से राजेन्द्र, उसकी बहन मंजू और भाभी सीमा ने टीम से हनीफ को छुड़ा दिया था।
इन लोगों ने हवलदार राजेश की जमकर पिटाई कर दी थी। राजेश की शिकायत पर वसंत कुंज (नॉर्थ) में सरकारी काम में बाधा डालने व मारपीट का मामला दर्ज किया गया था।
240 पव्वे बरामद
वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस ने मंगलवार को राजेन्द्र व उसके साथी अवनीश उर्फ पुजारी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, जब वसंतकुंज थाने की टीम राजेन्द्र के घर दबिश देने गई थी, तो उस समय उसके कुत्ते घर पर नहीं थे।
कुत्ते को इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया था। पुलिस ने राजेन्द्र के कब्जे से अवैध शराब के 240 पव्वे बरामद किए गए हैं। राजेन्द्र वर्ष 2013 में घिटोरनी में हुई एक्साइज विभाग के सिपाही की हत्या में वांछित था।