कोतवाली क्षेत्र के खजूर बाग में किराए के मकान में रहने वाले छात्र कपिल पटेल ने सोमवार की रात पंखे पर लटककर फांसी लगा ली। वह एसएससी की तैयारी कर रहे थे। गुरसराय के मूल निवासी कपिल अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
गुरसराय क्षेत्र के गल्ला मंडी के पीछे निवासी दयाराम पटेल का पुत्र कपिल पटेल (22) कोतवाली क्षेत्र के खजूर बाग में रहने वाले पवन राजपूत के मकान में किराए से रहते थे। बीएससी करने के बाद वह पिछले दो साल से एसएससी की तैयारी कर रहे थे। सोमवार की रात उन्होंने पंखे पर रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मंगलवार की सुबह जब वह आठ बजे तक नहीं जागे तो मकान मालिक को आशंका हुई। उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो कपिल पंखे पर लटक रहे थे। मकान मालिक ने आसपास पड़ोस के लोगों को बुलाने के बाद सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा। इधर, खबर लगने पर परिजन और रिश्तेदार झांसी आ गए।
कोतवाल अजय पाल सिंह ने बताया कि कपिल ने ऐसा कदम क्यों उठाया? इस बात का पता नहीं चला है। मामले की जांच की जा रही है।