थाना क्षेत्र के ग्राम नगरिया में सास से कहासुनी होने पर बहू ने कमरे में जाकर खुद को आग लगा ली। बहू के चीखने पर आग की लपटें देख परिवार के लोगों ने उसे कमरे से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भती कराया जहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया। अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम नगरीया निवासी सुरजीत की पत्नी रेखा (30) की और सास से खाना खाने के दौरान प्याज काटने को लेकर कहासुनी हो गई। जिससे नाराज होकर बहू रेखा अपने कमरे में चली गई और खुद को आग लगा ली।
बहू की चीख पुकार सुनकर सास ने कमरे की तरफ देखा तो आग की लपटें निकल रही थी। इससे पूरे घर में कोहराम मच गया। जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से महिला को कमरे से बाहर निकाला गया। घायलावस्था में उसे अछल्दा सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां महिला की हालत गंभीर होने पर उसे सैफई रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। वहीं बहु ने सास पर आग से जलाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया है मामले में अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।