गांव शौंदापुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में डूबने से एक प्रवासी श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को नाले से निकालकर सिविल अस्पताल में शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। श्रमिक यूपी का रहने वाला था। श्रमिक के परिजन न पहुंचने के कारण शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को होगा।
थाना मॉडल टाउन क्षेत्र के अंतर्गत शौंदापुर गांव में कृपाल (26) निवासी फरूखाबाद, यूपी की संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में गिरने से मौत हो गई। कृपाल रविवार को ही फरूखाबाद से शौंदापुर गांव स्थित फैक्टरी में काम करने के लिए आया था। बताया जा रहा है कि कृपाल शाम को अपने कमरे से गया था। रात को लौटकर नहीं आया।
सुबह कृपाल का शव गांव में गंदे नाले में मिला। मामले की सूचना पर असंध नाका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया है। वीरवार को कृपाल के परिजनों के पानीपत नहीं पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को परिजनों की मौजूदगी में किया जाएगा।