रोती-बिलखती मृतक गोकरन की मां नन्हकी।
- फोटो : amarujala
उन्नाव/नवाबगंज। नौ महीने पहले युवक की संदिग्ध हालात में मौत की घटना में जांच के लिए पुलिस ने सोमवार को एसडीएम की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवाया। मंगलवार को डाक्टरों का पैनल शव का पोस्टमार्टम करेगा। मालूम हो कि मृतक की पत्नी ने मृतक की मां सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
अजगैन थाना के लखनापुर गांव निवासी गोकरन पासी की 3 अक्टूबर 2017 को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। घर वालों ने गांव के बाहर अपने ही खेत में शव को अंतिम संस्कार (दफन) कर दिया था। मौत के आठ महीने बाद लखनऊ के पारा थानाक्षेत्र सरोसा गांव निवासी मृतक की पत्नी निशा ने मृतक की मां सहित चार लोगों पर जायदात के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
जानकारी होने पर मृतक की मां नन्हकी ने बीमारी से मौत होने की बात कहते हुए निवर्तमान डीएम रवि कुमार एनजी से घटना की निष्पक्ष जांच के लिए शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की थी। अपने ही बेटे की हत्या के आरोप से परेशान नन्हकी अफसरों से खुदके और परिवार के अन्य सदस्यों के बेगुनाह होने की बात कहती रही। निवर्तमान डीएम ने घटना की सच्चाई जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया।
सोमवार को दोपहर करीब ढाई बजे एसडीएम हसनगंज सूरज यादव की मौजूगदी में अजैन कोतवाली पुलिस ने दफ्न शव को बाहर निकलवाया। जेसीबी की मदद से पहले उस स्थान को साफ कराया गया इसके बाद लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। हालांकि नौ महीने का लंबा वक्त बीत जाने से केवल कंकाल ही बचा है। अजगैन के प्रभारी कोतवाल वीरपाल सिंह ने बताया कि शव निकलवाया गया है।
मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। शव निकालने के दौरान प्रशासन ने वीडियोग्राफी भी कराई। इस दौरान मृतक निशा, छह साल की बेटी वैष्णवी, मां नन्हकी, देवर विक्रम सहित परिवार के अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों का मजमा लगा रहा। एसडीएम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट क्राइम ब्रांच के विवेचक देवेंद्र कुमार यादव को दी जाएगी।