राजधानी में पूर्वोत्तर के छात्रों पर हमले रुकने के नाम नहीं ले रहे हैं। शनिवार देर रात दो युवकों ने पूर्वोत्तर के एक छात्र को सिगरेट देने करने पर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान हमलावरों ने पीड़ित की आंख पर भी नुकीली चीज से वार कर दिया। गनीमत यह रही कि छात्र की आंख बाल-बाल बच गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। घायल युवक को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से मणिपुर निवासी आरके मेवान कोटला मुबारकपुर के ऋषिनगर इलाके में किराये पर रहता है। शनिवार देर रात को वह पैदल रूम लौट रहा था।
इसी दौरान दो युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपी मेवान से सिगरेट मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने बदतमीजी की। मेवान के विरोध करने पर आरोपियों ने उस हमला कर दिया और बुरी तरह पीटने के बाद नुकीली वस्तु से वार किया। इसके बाद दोनों फरार हो गए। घायल मेवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।