हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के होली क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में तैनात चपरासी ने छात्रा से छेड़छाड़ की। छात्रा के साथ यह घटना एक सप्ताह पहले हुई थी। पुलिस द्वारा पीड़ित छात्रा का मेडिकल करवाने के लिए चंबा लाया गया। बताया जा रहा है कि स्कूल स्टाफ इस घटना को दबाने का प्रयास कर रहा था। जबकि स्कूल में शिक्षा हासिल कर रही तीन छात्राओं ने पूरे मामले की जानकारी स्कूल प्रशासन को दी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चाइल्ड लाइन चंबा को गुप्त सूचना मिली कि होली क्षेत्र के सरकारी स्कूलें में शिक्षा ग्रहण कर रही छात्रा के साथ छेड़छाड़ हुई है। सूचना मिलने के बाद इस मामले के बारे में चाइल्ड लाइन ने एसपी चंबा डॉ. मोनिका को बताया। एसपी चंबा के आदेशानुसार चाइल्ड लाइन टीम व भरमौर थाना प्रभारी सुशील कुमार गुलेरिया व अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस व चाइल्ड लाइन टीम ने संयुक्त रूप से छानबीन शुरू की।
छेड़छाड़ की शिकार हुई छात्रा की काउंसलिंग की गई। इस दौरान सामने आया कि जिस छात्रा के साथ छेड़छाड़ हुई है वह मानसिक तौर पर कमजोर है। टीम ने अन्य चार छात्राओं से भी पूछताछ की। छात्राओं ने बताया कि इस बारे में स्कूल के अध्यापकों को भी बताया गया है लेकिन स्कूल प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा छात्रा को मेडिकल जांच के लिए चंबा लाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
छेड़छाड़ की एक अन्य छात्रा ने भी की लिखित शिकायत- इस मामले में चौंकाने वाला तथ्य यह भी सामने आया है कि काउंसलिंग के दौरान एक अन्य छात्रा ने भी शिकायत की है कि इस तरह की हरकत एक साल पहले चपरासी ने की थी। चाइल्ड लाइन व पुलिस टीम इस मामले की छानबीन के लिए होली जाएगी।