शहर में चार अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उसे जीएमसी जम्मू रेफर किया गया।
पहला हादसा यहां से करीब पांच किलोमीटर दूर कावा क्षेत्र में हुआ। यहां एक मेटाडोर (जेके14-7479) नियंत्रण खोने पर सड़क के बीचोबीच पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मेटाडोर की रफ्तार इतनी थी कि चढ़ाई में होने के बावजूद मोड़ पर मेटाडोर चालक का नियंत्रण गाड़ी पर नहीं रहा। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कावा निवासी 10 वर्षीय काका, कांता देवी (36) और नवदीप (8) शामिल हैं।
एक अन्य हादसे में एक व्यक्ती धार रोड पर ग्रेफ के निकट बस के दरवाजे से फिसलकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जीएमसी रेफर कर दिया गया। घायल व्यक्ती चरणदास (45) की हालत गंभीर है। पुलिस ने इन मामलों में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
तीसरा हादसा रविवार सुबह ग्यारह बजे के करीब जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एमएच चौक के पास हुआ। मोटरसाइकिल (जेके02एएच-6566) पर सवार दो युवक मार्ग पर खड़ी एक बस (जेके02एजे-4857) के पीछे जा टकराए। इसमें दोनों घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोग और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में अजय कुमार और रमेश कुमार दोनों निवासी शिव नगर की हालत स्थिर है। चौथा हादसा शनिवार देर रात को नेशनल हाइवे बाईपास पर हुआ। एक तेज गति से आ रही कार अपने आगे चल रहे ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई। हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार में सवार चालक बाल-बाल बच गया।