बंडा रोड पर कुरईयाकलां गांव स्थित फुरकान राइस मिल में मंगलवार सुबह करीब साढे़ आठ बजे अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। पहले आसपास के फार्मरों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने चार घंटे में बमुश्किल आग पर काबू किया। हादसे में लाखों के वारदानें जल गए।
कस्बा बिलसंडा के निवासी अनवार खां ने बताया कि उनकी बंडा रोड पर कुरईया गांव के पास राइस मिल है। यहां टिनशेड में वारदाना रखा रहता है। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे अज्ञात कारणों के चलते वारदानें में आग लग गई। मिल में मौजूद कर्मियों ने आग देख शोर मचाया। राइस मिल स्वामी भी अपने घर पहुंच गए। गांव के फार्मर बिट्टू सिंह, पप्पू सिंह, दर्शन सिंह, हरकेश सिंह, हरवंश सिंह, सोनी सिंह ट्रैक्टर ट्राली में पानी वाला इंजन बांधकर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर दमकल विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। आग काफी भीषण होने की वजह से दमकल की गाड़ी पांच बार पानी लेने गई। चार घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे बमुश्किल आग पर काबू किया जा सका। राइस मिल स्वामी ने बताया कि हादसे में करीब दस लाख का वारदाना जल गया है। आग लगने के पीछे वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
चिंगारी से हादसे की चर्चाएं
बताया जा रहा है कि राइस मिल में वारदाना गोदाम के पास बेल्डिंग का काम कराया जा रहा था। इसी से निकली चिंगारी से हादसा होने की बात कही जा रही है। हालांकि राइस मिल मालिक इस बात से इंकार करते हुए आग लगने के पीछे वजह स्पष्ट न होने की बात कह रहे हैं। उधर, पुलिस अज्ञात कारणों से आग लगने की दी गई तहरीर पर जांच के बाद कार्रवाई की बात कह गई है।
राइस मिल मालिक की ओर से आग लगने की सूचना लिखित में दी गई है। इसमें कारणों को अज्ञात बताया गया है, जिसके आधार पर इत्तेफाकिया आग लगने का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
चेतराम वर्मा, कार्यवाहक एसओ