तहसीलदार के फर्जी
हस्ताक्षर का आरोप
पुलिस ने दर्ज की तीन लोगों पर रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर/दियोरिया।
दो गांवों के तीन जालसाजों ने गारंटी डीड पर तहसीलदार के फर्जी हस्ताक्षर कर लिए हैं। तहसीलदार ने तीनों जालसाजों के विरुद्ध मंगलवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
तहसीलदार कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि दियोरिया क्षेत्र के तीन जालसाजों ने पिछले माह हापुड़ की एक फाइनेंस कंपनी से कार फाइनेंस कराने के लिए आवेदन किया था। जालसाजों ने गारंटी डीड पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर लिए थे। फाइनेंस करने से पहले कंपनी के अधिकारियों ने उनसे उनके हस्ताक्षरों के बारे में पूछा तो तहसीलदार को इसका पता लगा। जिसके बाद तहसीलदार ने मंगलवार सुबह इसकी तहरीर पुलिस को दी। एसएसआई दियोरियाकलां पान सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दर्ज की गई रिपोर्ट में दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव बरखेड़ा कटा निवासी मुरारी लाल, विनोद कुमार और गांव बेनीपुर निवासी रामचंद्र वर्मा को नामजद किया गया है।