धानेपुर स्थित कस्तूरबा गंाधी आवासीय बालिका विद्यालय मुजेहना में सब्जी काटने वाले चाकू को लेकर दो शिक्षिकाएं विद्यालय की छात्राओं के सामने ही आपस में भिड़ गईं। दोनों के बीच जमकर जोर आजमाइश हुई और लात घू़ंसे चले।
विद्यालय के अन्य स्टाफ ने किसी तरह से दोनों को छुड़ाकर अलग किया। इस मामले में प्रभारी बीएसए ने विद्यालय की वार्डेन समेत दोनों शिक्षिकाओं को नोटिस देकर जवाब तलब किया है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मुजेहना में रेनू मौर्या व बबिता सोनी की पूर्णकालिक शिक्षिका के पद पर तैनाती है। सोमवार को सब्जी काटने वाले चाकू को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बात बढ़कर तूतू मैंमैं और फिर मारपीट तक जा पहुंची।
विद्यालय की छात्राओं के सामने ही दोनों आपस में भिड़ गईं और आपस में गुत्थमगुत्था होकर एक दूसरे को पीटने लगी। शिक्षिकाओं को लड़ता देख छात्राओं में अफरातफरी मच गई और वह चिल्लाते हुए अपने कमरों की तरफ भागने लगी।
छात्राओ को भागता देख विद्यालय की वार्डेन समेत स्टाफ के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को किसी तरह से छुड़ाकर अलग किया। इस मामले में शिक्षिका बबिता सोनी ने जिलाधिकारी के काल सेंटर पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है।
बबिता ने ब्लॉक संसाधन केंद पर तैनात एक वरिष्ठ अध्यापक पर भी शिक्षिका के साथ मिलकर स्कूल का शैक्षणिक माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। वहीं शिक्षिका रेनू मौर्या ने भी बबिता पर विद्यालय के स्टाफ के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए डीएम को शिकायती पत्र भेजा है।
इस संबंध में प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामराज ने बताया कि विवाद की जानकारी मिली है। विद्यालय की वार्डेन सुनीता समेत दोनों शिक्षिकाओं से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। साथ ही इस मामले की जांच बालिका शिक्षा की जिला समन्वयक रजनी श्रीवास्तव को सौंपी गई है।