यूपी के गाजीपुर के एक गांव में बीती रात बेखौफ बदमाशों ने आटा चक्की में सोए पिता-पुत्र की नृशंस हत्या कर दी। पिता-पुत्र की अज्ञात बदमाशों ने गुरुवार की रात लोहे की राड व हथौड़े से सिर पर कूंचकर मौत के घाट उतार दिया। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना स्थल पर एसपी सोमेन वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
अधिकारीगण फोरेंसिक टीम के साथ घंटों जांच-पड़ताल में जुटे रहे। उधर, हत्या के बाद मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीण घटना स्थल के पास धरने पर बैठ गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर के समझाने-बुझाने के बाद किसी तरह उनका गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डीआईजी दीपक रतन भी घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस कप्तान से दोहरे हत्याकांड का तत्काल पर्दाफाश करने का निर्देश दिया।
शहर के मंगल मड़ई निवासी रामजनम कुशवाहा (90) अपने छोटे बेटे रामकरन कुशवाहा (45) के साथ घर भोजन करने के बाद देर शाम अपनी आटा चक्की पर सोने चले गए। दूसरे दिन सुबह करीब सात बजे गांव का एक व्यक्ति आटा लेने जब पहुंचा तो दुकान बंद थी। दुकान बंद देखकर उसने इसकी जानकारी परिवार वालों से ली। घर के सदस्य आटा चक्की पर पहुंचे तो कमरे में पिता-पुत्र का शव देख उनके होश उड़ गए।
परिजनों के रोने-बिलखने की आवाज सूनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही एसपी सोमेन वर्मा, एसपी सिटी प्रदीप दुबे , सीओ सदर हृदयानंद सिंह, शहर कोतवाल राजीव सिंह सहित पूरी पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम घंटों जांच-पड़ताल में जुटी रही।
दोहरे हत्या से गुस्साए ग्रामीण घटना स्थल के बाहर धरने पर बैठ गए और मुआवजे की मांग करने लगे। बाद में धरना स्थल पर पहुंचे सदर एसडीएम विनय गुप्ता ने लोगों को काफी समझाया-बुझाया और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसी तरह धरना समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।
मामले में एसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि दोहरे हत्याकांड की छानबीन की जा रही है। हत्या के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि प्रथमदृष्टया जांच के दौरान दोनों की हत्या लोहे की राड व हथौड़े से सिर पर वार कर किया गया है। बताया कि पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम इसके खुलासे के लिए गठित की गई है। जल्द ही दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।