खेत से घर लौट रहा किसान बैलगाड़ी से गिरकर पहिया की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ से कानपुर रेफर किया गया, जहां किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। कस्बा कुलपहाड़ निवासी किसान भुमानीदीन (65) पुत्र दसइयां बैलगाड़ी से सोमवार शाम खेत से घर आ रहा था।
रास्ते में भुमानीदीन बैलगाड़ी से नीचे गिर गया और पहिया चढ़ गया। इससे वह घायल हो गया। आनन फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ ले गए जहां से डाक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। मंगलवार को कानपुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
किसान की पत्नी मानकुंवर ने बताया कि उनके पास तीन बीघा जमीन थी। कुछ कर्ज भी लिया था। खेती में सही पैदावार न होने से आर्थिक तंगी थी। जो पैसा था वह भी इलाज में लग गया जिससे परिवार की हालत खराब हो गई है। किसान के परिजनों ने घटना की सूचना उपजिलाधिकारी को देते हुए सरकारी सहायता दिलाए जाने की मंाग की है। किसान की मौत से पत्नी व तीनों बेटों का रो रोकर बुरा हाल है।