औरास। भांजे के साथ उसकी बेटी के घर गई वृद्धा की हालत बिगड़ गई। इलाज के लिए वृद्धा को निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने इलाज से इनकार कर दिया। परिजन यहां से पीएचसी लेकर पहुंचे। यहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
औरास थानाक्षेत्र के भुटकुंडी गांव निवासी शांती द्विवेदी (70) पत्नी स्वर्गीय कृष्ण कुमार द्विवेदी सोमवार शाम गांव में रहने वाले भांजे केशरी के साथ उसकी बेटी सोनी के घर हसनगंज थानाक्षेत्र के पिलखना गांव गई थीं। परिजनों का कहना है कि सोमवार शाम खाना खाने के बाद शांती सो गई थीं।
मंगलवार सुबह अचानक तबियत बिगड़ गई। केशरी इन्हें निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचा। डाक्टर ने उसे हाथ नहीं लगाया। इस पर केशरी शांती को लेकर गांव आ गया। इसके बाद रिश्तेदारों को सूचना दी।
रिश्तेदारों के आते ही वह शांती को लेकर औरास पीएचसी पहुंचा। यहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं संदिग्ध हालात में शांती की मौत पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष कमलेश्वर यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इंसेट
हार्ट अटैक से पति की हुई थी मौत
औरास के भुटकुंडी निवासी शांती द्विवेदी के पति कृष्ण कुमार द्विवेदी आरएसएस के सक्रिय कार्यकर्ता थे। एक साल पहले उनकी हार्टअटैक से मौत हो गई थी। मंगलवार को शांती की मौत की सूचना पर तमाम भाजपा व संघ के कार्यकर्ता घर पहुंचे। साथ ही परिजनों को सांत्वना दी।
इंसेट
गोद ली बेटी के साथ रहती थीं शांती
शांती द्विवेदी ने अपनी कोई संतान न होने पर दस साल पूर्व एक बच्ची को गोद लिया था। एक साल पूर्व पति की मौत होने के बाद से वह गोद ली बच्ची के साथ अकेले रहती थीं।